13 जुलाई: राजधानी शिमला में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भोंट क्षेत्र के निवासी आशु चौहान के बैंक खाते से बिना ओटीपी साझा किए ही 1 लाख 32 हजार 800 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सैल शिमला में दर्ज करवाई है, जिस पर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायत के अनुसार रविवार सुबह करीब 8 बजे आशु चौहान के मोबाइल पर ओटीपी का एक संदेश आया। उन्होंने न तो संदेश खोला और न ही किसी के साथ ओटीपी साझा किया। इसके कुछ समय बाद उनके यूको बैंक खाते से डेबिट कार्ड के जरिए चार अलग-अलग लेनदेन हुए।
खाते से दो बार 50-50 हजार रुपए, एक बार 30 हजार रुपए और एक बार 2,800 रुपए निकाले गए। कुल मिलाकर 1 लाख 32 हजार 800 रुपए की राशि खाते से निकल गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध शिकायत पोर्टल और साइबर सैल शिमला में दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी किस तरीके से अंजाम दी गई|