16 मई: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दौरान एक महिला उम्मीदवार के साथ मारपीट का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। नालदेहरा पंचायत से प्रधान पद की उम्मीदवार सुषमा देवी ने अज्ञात नकाबपोशों पर रास्ते में रोककर हमला करने और डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में चुनावी माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
जानकारी के अनुसार टिक्कर गांव निवासी 48 वर्षीय सुषमा देवी शुक्रवार दोपहर अपना नामांकन वापस लेने पंचायत घर जा रही थीं। उन्होंने प्रधान और बीडीसी दोनों पदों के लिए नामांकन दाखिल किया था, हालांकि बीडीसी पद का नामांकन वह पहले ही वापस ले चुकी थीं। पीड़िता के मुताबिक जब वह घर से करीब 100 मीटर दूर दुर्गापुर मार्ग पर पानी के टैंक के पास पहुंचीं तो झाड़ियों में छिपे दो नकाबपोश अचानक सामने आ गए। दोनों ने चेहरे गमछे से ढके हुए थे और नीले रंग के प्लास्टिक के जूते पहन रखे थे।
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और गर्दन व कंधों से पकड़कर धक्का देते हुए मारपीट की। सुषमा देवी के अनुसार वह मदद के लिए चीखती रहीं, लेकिन कुछ देर बाद बेहोश होकर सड़क किनारे गिर गईं। उन्होंने कहा कि हमलावरों का उद्देश्य लूटपाट नहीं बल्कि उन्हें डराकर चुनावी प्रक्रिया से पीछे हटाना था।
काफी देर बाद गांव के एक व्यक्ति के फोन आने पर महिला को होश आया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए मशोबरा अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।