16 मई: शिमला जिले के रोहड़ू में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्य चौक स्थित सार्वजनिक शौचालय के बाहर एक नेपाली मजदूर पर चाकू से हमला कर दिया गया। सुबह करीब आठ बजे हुई इस घटना में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते आरोपी मौके से फरार नहीं हो पाया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना रोहड़ू को सुबह करीब 8 बजकर 4 मिनट पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चाकूबाजी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल और अस्पताल के लिए रवाना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी ने अचानक मजदूर पर चाकू से हमला कर दिया। घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस पहुंचने तक उसे वहीं रोके रखा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला करने वाला व्यक्ति भी नेपाली मूल का बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार दोनों के बीच किसी आपसी विवाद को लेकर यह हमला हुआ हो सकता है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की असली वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं घायल मजदूर का उपचार जारी है।