14 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ज्यूरी क्षेत्र में वीरवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान गानवी निवासी शिशुपाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शिशुपाल सुबह अपने वाहन में सवार होकर गानवी से क्याओ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी मार्ग पर अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से फिसलकर सतलुज नदी की ओर सैंकड़ों फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही ज्यूरी पुलिस चौकी की टीम मौके के लिए रवाना हुई। संकरे और जोखिम भरे पहाड़ी रास्तों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद जब टीम खाई में पहुंची तो चालक शिशुपाल मृत अवस्था में मिले।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के गांव गानवी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि पहाड़ी सड़क पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी झाकड़ी ने की है।