11 नवम्बर: विधायक किशोरी लाल ने ग्राम पंचायत फटाहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपमंडल बैजनाथ के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि शेष समस्याओं को जल्द हल करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
विधायक किशोरी लाल ने कार्यक्रम को ‘सरकार जनता के द्वार’ पहल का हिस्सा बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और उनका त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के साथ-साथ सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ के साथ ग्राम पंचायत फटाहर में भी करीब 26 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्य करवाए गए हैं। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर मुख्य सड़क से बेड़ू गांव तक जीप योग्य सड़क के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को सरकारी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, फटाहर पंचायत प्रधान गीता देवी, उपप्रधान राजकुमार, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अभिषेक शर्मा, एसई बीपीओ अजय सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रिचा शर्मा, उपाध्यक्ष चंद्रा देवी, जोन प्रभारी सुभाष, जगत राम, उद्धो राम, मदन ठाकुर, डॉ. चमन भट्ट, नारद सिंह और सुरेंद्र कपूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।