वाकनाघाट (सोलन) में डिवाइडर पार कर सेना के वाहन से टकराई कार, चालक की मौत

30 अक्तूबर: कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर वाकनाघाट के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई। शिमला की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रहे सेना के वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया।

जानकारी के अनुसार कार शिमला की ओर से आ रही थी। वाकनाघाट के पास पहुंचने पर चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते कार डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा की लेन में पहुंच गई और अपनी सही दिशा में जा रहे सेना के वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद कार काफी दूर जाकर गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के तुरंत बाद सेना के जवानों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे चालक को बाहर निकाला। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे सेना के जवानों और स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन रमेश शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में कार चालक की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *