30 अक्तूबर: विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने गुरुवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र के ककीरा कस्बे में 28 लाख रुपये की लागत से बनने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के योगदान को नमन किया।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि ककीरा और बकलोह क्षेत्र का भारतीय सेना में विशेष योगदान रहा है। यहां की कई पीढ़ियों ने सेना में सेवाएं देकर देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों का योगदान सदैव सम्मान के योग्य है।
उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे हासिल करने के लिए राज्यों का आर्थिक रूप से सशक्त होना जरूरी है। प्रदेश और जिला के प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से केंद्र सरकार को मिलने वाले राजस्व में हिमाचल प्रदेश को अनुपातिक हिस्सा मिलना चाहिए। उन्होंने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण द्रमण-चुवाड़ी-चंबा-तीसा-पांगी सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधीन लाने और इसके तहत प्रस्तावित सुरंगों के निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जनप्रतिनिधियों को इस महत्वपूर्ण परियोजना में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न करने के बजाय सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने ककीरा और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ककीरा स्वास्थ्य केंद्र को स्तरोन्नत किया जाएगा। कस्बे में मल निकासी योजना तैयार करने के लिए प्रस्ताव भी बनाया गया है। इसके अलावा हाइड्रेंट आधारित प्रभावी अग्निशमन व्यवस्था स्थापित करने के लिए एक करोड़ 69 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस व्यवस्था के तहत दो लाख लीटर से अधिक पानी के भंडारण की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने क्षेत्र में सड़क नेटवर्क के विस्तार के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी दी।
इससे पहले हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन पूर्ण सिंह थापा ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक लीग से सूबेदार भीम बहादुर गुरंग, कैप्टन खजान सिंह, कैप्टन सागर गुरंग, कैप्टन नारायण सिंह गुरंग और कैप्टन किशन सिंह गुरंग उपस्थित रहे। इसके अलावा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय कंवर, जिला यूथ कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाढक, जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तरुण मल्होत्रा, राजीव कौशल, उपमंडलाधिकारी मनीष सोनी, पुलिस उपाधीक्षक शेर सिंह, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, वन मंडल अधिकारी डॉ. कुलदीप जमवाल, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर और नरेंद्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।