30 अक्तूबर, कविता शान्ति गौतम : पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत नालागढ़ क्षेत्र में फायरिंग की तीन अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पहली घटना 14 अक्टूबर की रात गांव बूटा पलासी में हुई थी। यहां शिकायतकर्ता रणवीर सिंह के घर के बाहर अज्ञात व्यक्तियों ने हवाई फायरिंग की थी। रात करीब 10:30 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर जब शिकायतकर्ता घर से बाहर आया तो मोटरसाइकिल सवार दो युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घर के गेट के बाहर से दो खाली कारतूस के खोल बरामद किए थे।
दूसरी घटना 23 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 12:50 बजे इसी गांव में हुई। इस दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने मनप्रीत सिंह के रिहायशी मकान के बाहर चार राउंड फायर किए। इनमें से दो गोलियां घर के बाहर खड़ी उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी में लगीं, जबकि दो हवाई फायर किए गए। पुलिस ने मौके से चार खाली कारतूस के खोल बरामद किए।
तीसरी घटना 25 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे गांव गोल जमाला स्थित यूसुफ एंटरप्राइजेज कंपनी के मुख्य गेट पर हुई। कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत दीप सिंह की शिकायत के अनुसार बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने कंपनी के मुख्य गेट पर करीब पांच राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
तीनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने स्वयं घटनास्थलों का निरीक्षण किया और जांच टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटनास्थलों पर एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए गए। इसके बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिनमें तकनीकी और साइबर टीमों को भी शामिल किया गया।
पुलिस ने गुप्त सूचना तंत्र सक्रिय करने के साथ ही घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, संदिग्धों की गतिविधियों और उनके आपसी संपर्कों की जांच के आधार पर चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपकार सिंह (29) पुत्र मनजीत सिंह निवासी चांदपुर बेला, कोटला, रूपनगर (रोपड़), पंजाब; राजिंदर कुमार पुत्र राम लाल निवासी गांव रंगलोह, बलस्वाय, जिला बिलासपुर; देवेंद्र सिंह (34) पुत्र जरनैल सिंह निवासी गांव दाहिरपुर, अभियाणा कलां, आनंदपुर साहिब और अमृतपाल सिंह (34) पुत्र त्रिलोचन सिंह निवासी मकान नंबर 21, गली नंबर 2, रूपनगर (रोपड़), पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो गाड़ी नंबर PB 65 BL 9086, पांच मोबाइल फोन, एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों से अन्य संभावित बरामदगी और घटनाओं से जुड़े पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि बद्दी पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में दहशत फैलाने, फायरिंग करने, फिरौती मांगने अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।