2 अक्तूबर : संयुक्त कार्यालय भवन नूरपुर के मीटिंग हॉल में उपमंडल स्तरीय योजना, विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भवानी सिंह पठानिया ने की। पूर्व विधायक अजय महाजन भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में नूरपुर उपमंडल में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही 20-सूत्रीय कार्यक्रम के तहत विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की भी जानकारी ली गई।
भवानी सिंह पठानिया ने अधिकारियों से लंबित विकास कार्यों, उन्हें पूरा करने में आ रही समस्याओं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास कार्यों और जनहित से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत योजनाओं का लाभ निर्धारित समयावधि में आम जनता तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि भूमि, बजट, तकनीकी स्वीकृति, विभागीय अनुमति या अन्य किसी कारण से यदि कोई कार्य प्रभावित हो रहा है तो संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समस्या का जल्द समाधान किया जाए।
20-सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि विकास योजनाओं की समीक्षा का उद्देश्य केवल प्रगति की जानकारी लेना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ धरातल पर आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज, एसडीएम अरुण शर्मा, खनन अधिकारी सुरेश कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता बलविंद्र सिंह, सहायक अभियंता उमेंद्र सिंह, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता आनंद बलौरिया, राज्य विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता विकास ठाकुर, आरओ जगजीत चावला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।