बैजनाथ के पंजाला में 100 किसानों को वितरित किए कृषि उपकरण, अनुराग शर्मा ने दिए विकास कार्यों के लिए 2-2 लाख

2 अक्तूबर: प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत ग्राम पंचायत पंजाला में किसानों को कृषि उपकरण वितरित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और 100 किसानों को ग्रास कटर सहित अन्य कृषि उपकरण वितरित किए।

इस अवसर पर अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ-साथ बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकताओं और लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को संबंधित स्तर पर उठाकर उनके समाधान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम चला रही है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कृषि कार्यों में समय और श्रम की बचत हो तथा किसानों की कार्यक्षमता बढ़े।

उन्होंने कहा कि वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत किसानों को उपलब्ध करवाए जा रहे कृषि उपकरण ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आधुनिक उपकरण मिलने से किसानों को कृषि एवं संबंधित कार्यों में सुविधा मिलेगी।

राज्यसभा सांसद ने ग्राम पंचायत पंजाला में स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रास्ते और पुलिया के निर्माण तथा खेल मैदान के विकास के लिए 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए और विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य वर्षा पर निर्भर क्षेत्रों में जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं को बढ़ावा देने के साथ किसानों की कृषि संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना है। योजना के तहत जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण के साथ किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, बीडीसी सदस्य राजकुमार, प्रधान सुदर्शना देवी, उपप्रधान अमित कश्यप, प्रदेश अनुसूचित जाति के पूर्व उपाध्यक्ष रविंदर बिट्टू, संगठन महासचिव मोहिंद्र डोहरी, प्रदेश युवा महासचिव रविंदर राव, अजय अवस्थी, शलभ अवस्थी, कृष्ण राणा, सन्नी कपूर, पृथी करोटी, राजेश राणा, संसार चंद राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *