2 अक्तूबर: अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वृद्धाश्रम गरली, परागपुर में मेरा युवा भारत (MY Bharat), कांगड़ा के सहयोग से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, गरिमा एवं कल्याण के प्रति समाज और युवा पीढ़ी को संवेदनशील बनाना तथा उनके अनुभवों और सुझावों को समझना रहा।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, कांगड़ा के उप निदेशक ध्रुव डोगरा ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन मूल्य युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को देखभाल के साथ-साथ सम्मान, अपनापन, सकारात्मक वातावरण और समाज से जुड़ाव मिलना भी आवश्यक है।
ध्रुव डोगरा ने कहा कि MY Bharat का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना है। इसी भावना के तहत MY Bharat द्वारा वृद्धाश्रमों में युवाओं की सहभागिता, संवाद और सेवा गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के बीच संवाद से पीढ़ियों के बीच संबंध और मजबूत होंगे।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने अपने अनुभवों के आधार पर बेहतर जीवनयापन के लिए आवश्यक सुविधाओं और उपायों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उपस्थित लोगों ने उनके अनुभवों और विचारों को सम्मानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर समाजसेवी मंगल सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष मनोसामाजिक (Psychosocial) सत्र आयोजित किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद करते हुए उन्हें जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने, अपने अनुभवों को अपनी ताकत के रूप में देखने तथा आपसी संवाद और सामाजिक जुड़ाव के माध्यम से खुशहाल जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वृद्धावस्था जीवन का अंत नहीं, बल्कि अनुभव और ज्ञान से समृद्ध जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान और उनका साथ देना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।