राष्ट्रीय युवा उत्सव-2027 के लिए कांगड़ा में 14 नवंबर को होगा चयन, तकीपुर में जुटेंगे युवा

13 नवम्बर: कांगड़ा जिले के युवाओं के लिए राष्ट्रीय युवा उत्सव-2027 में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए 14 नवंबर को अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय स्नातक महाविद्यालय, तकीपुर में जिला स्तरीय युवा उत्सव एवं चयन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताएं सुबह 9 बजे से शुरू होंगी।

जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कांगड़ा रवि शंकर ने बताया कि युवा सेवा एवं खेल विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 के लिए प्रदेशभर में प्रतिभाशाली युवाओं का चयन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कांगड़ा जिले के युवाओं के लिए भी विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा नुक्कड़ नाटक, चित्रकारी, लोक नृत्य, लोक गायन और कविता विधाओं में भाग ले सकते हैं। निर्धारित पात्रता मानदंडों के अनुसार प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित युवाओं को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर विजेता प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा उत्सव-2027 में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उन्होंने इच्छुक युवाओं से अपने शैक्षणिक एवं आयु प्रमाण पत्रों के मूल दस्तावेज, सत्यापित छायाप्रतियां, उपलब्धियों के प्रमाण पत्र और दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने की अपील की है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए 97365-13552 और 94181-60202 पर संपर्क किया जा सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *