18 जून: प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब खाद्य आपूर्ति निगम के गोदामों से डिपुओं तक भेजे जाने वाले आटा, चावल और चीनी के प्रत्येक कट्टे का वजन सुनिश्चित किया जाएगा।
डिपो संचालकों की ओर से लगातार यह शिकायतें सामने आ रही थीं कि कई बार राशन के कट्टों का वजन निर्धारित मात्रा से कम पाया जाता है, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने राज्य नागरिक आपूर्ति निगम को निर्देश जारी किए हैं कि राशन सामग्री को तोलकर ही डिपुओं तक भेजा जाए।
विभाग का कहना है कि यह व्यवस्था लागू होने से लाभार्थियों तक सही मात्रा में राशन पहुंचाना सुनिश्चित होगा और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी। अधिकारियों के अनुसार विभागीय नियमों में पहले से ही राशन को वजन करके भेजने और प्राप्त करने का प्रावधान मौजूद है, लेकिन अब इसकी सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं डिपो संचालकों से भी अपील की गई है कि वे राशन प्राप्त करते समय कट्टों का वजन अवश्य जांचें, ताकि किसी भी प्रकार की कमी तुरंत सामने आ सके। विभाग का मानना है कि इस कदम से राशन वितरण प्रणाली में भरोसा और जवाबदेही दोनों मजबूत होंगे।