रामपुर के अवेरीपट्टी में 20 से 25 मार्च 2027 तक होगी सेना भर्ती रैली, डीसी ने तैयारियों के दिए निर्देश

8 अक्तूबर: शिमला जिला के रामपुर उपमंडल के तहत पृथी मिलिट्री स्टेशन अवेरीपट्टी में 20 से 25 मार्च 2027 तक सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेना और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि भर्ती स्थल पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बिजली और पेयजल की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सेना अधिकारियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

उपायुक्त ने कहा कि सेना भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी तरह पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी। उन्होंने एसडीएम रामपुर को संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भर्ती के दौरान युवाओं को गुमराह करने वालों पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की नजर रहेगी। अभ्यर्थियों को किसी भी तरह के प्रलोभन या भ्रामक जानकारी से सावधान रहने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

उपायुक्त ने अधिकारियों को अवेरीपट्टी आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए उचित दरों पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को ठहरने, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *