राजगढ़ में पंचायत चुनावों की तैयारियां तेज, पर्यवेक्षक ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

23 मई, रवि दत्त भारद्वाज: त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनावों को लेकर राजगढ़ विकास खंड में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक नरेश पाल सिंह धोल्टा ने राजगढ़ में सेक्टर अधिकारियों, निर्वाचन अधिकारियों और पीठासीन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मतदान शुरू होने से लेकर मतगणना और बैलेट बॉक्स को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

पर्यवेक्षक नरेश पाल सिंह धोल्टा ने अधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया हैं, जिन्हें पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्व निष्ठा के साथ निभाने के निर्देश दिए।

बैठक में मतदान केंद्रों की सुरक्षा, मतदान सामग्री के वितरण, बैलेट बॉक्स की सुरक्षा, संवेदनशील मतदान केंद्रों की निगरानी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि चुनाव प्रक्रिया के हर चरण में पारदर्शिता बनाए रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

राजगढ़ विकास खंड की 34 पंचायतों में होने वाले चुनावों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

पर्यवेक्षक नरेश पाल सिंह धोल्टा ने कहा कि राजगढ़ विकास खंड की सभी पंचायतों में चुनावी प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है और सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *