18 मई, रवि दत्त भारद्वाज: सिरमौर जिले के राजगढ़ नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सात में से पांच वार्डों में जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत दर्ज किया है। वहीं भाजपा को दो सीटों से संतोष करना पड़ा। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और शहर में विजय जुलूस निकाले गए।
अंबेडकर भवन राजगढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना प्रक्रिया संपन्न हुई। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम राजगढ़ ठाकुर की मौजूदगी में सभी वार्डों के परिणाम घोषित किए गए। नतीजों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने पांच वार्डों में जीत दर्ज कर नगर पंचायत में मजबूत बढ़त बना ली।
वार्ड नंबर-1 से नरेंद्र ठाकुर ने 113 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने कपिल ठाकुर और अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ा। वार्ड नंबर-2 में पूर्ण सिंह ने 117 वोट हासिल कर जीत अपने नाम की। वार्ड नंबर-3 में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां बिमला कश्यप ने अनुप रायटा को 10 मतों से हराया।
वार्ड नंबर-4 से ज्योति साहनी विजयी रहीं, जबकि वार्ड नंबर-5 में रीना ने जीत हासिल की। वार्ड नंबर-6 में विक्रम सिंह ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। वहीं वार्ड नंबर-7 से राकेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की।
परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय से शिरगुल मंदिर तक ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ विजय जुलूस निकाला तथा मंदिर में माथा टेककर जीत का आशीर्वाद लिया। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पुराने बस स्टैंड तक जुलूस निकालकर अपनी जीत का जश्न मनाया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पच्छाद के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने नगर पंचायत में कांग्रेस को मिले बहुमत के लिए मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए राजगढ़ शहर के समग्र विकास के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करने का भरोसा भी दिलाया।