धर्मशाला निकाय चुनाव में 60 फीसदी मतदान, अब 31 मई का इंतजार

18 मई: धर्मशाला नगर निकाय चुनाव के लिए रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो गया। नगर परिषद चुनाव में करीब 60.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके साथ ही चुनावी मैदान में उतरे 54 प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत अब ईवीएम में कैद हो गई है। सभी की निगाहें अब 31 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि शहर की सरकार की कमान किसे मिलेगी।

मतदान समाप्त होते ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच जीत-हार के समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोकतंत्र के इस उत्सव को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। दोपहर 11 बजे तक ही करीब 26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका था।

भीषण गर्मी के बावजूद मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और लोगों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं ने शहर के विकास, बेहतर सुविधाओं और भविष्य की उम्मीदों को ध्यान में रखकर वोट डाला। वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग भी लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने बूथों तक पहुंचे। कई बुजुर्ग व्हीलचेयर और परिजनों के सहारे मतदान केंद्रों तक पहुंचे।

महिला मतदाताओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। गृहणियों और कामकाजी महिलाओं ने बड़ी संख्या में मतदान कर अपने मुद्दों और शहर के विकास को प्राथमिकता दी।

प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथों पर टेंट और ठंडे पानी की व्यवस्था भी की गई थी।

अब 31 मई को मतगणना के बाद ही साफ होगा कि धर्मशाला नगर निकाय की कमान इस बार किसके हाथों में जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *