1 जून: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में बीए, बीकॉम, बीएससी और बीवॉक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिले नई शिक्षा नीति-2020 के तहत किए जाएंगे। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश पोर्टल 19 जून 2026 तक खुला रहेगा।
महाविद्यालय में कला, वाणिज्य, विज्ञान और बीवॉक पाठ्यक्रमों के तहत कुल 23 विषयों में प्रवेश दिए जाएंगे। इनमें अंग्रेजी, शिक्षा, अर्थशास्त्र, हिंदी, इतिहास, पत्रकारिता एवं जनसंचार, संगीत, शारीरिक शिक्षा, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, संस्कृत, समाजशास्त्र, पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन, वाणिज्य, बॉटनी, केमिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस, गणित, भौतिक विज्ञान, जूलॉजी, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म जैसे विषय शामिल हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.एस. कटवाल ने बताया कि पहली केंद्रीकृत काउंसलिंग 20 जून को आयोजित होगी तथा पहली मेरिट सूची उसी दिन शाम 5 बजे जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 21 से 23 जून तक ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी।
दूसरी केंद्रीकृत काउंसलिंग 24 जून को आयोजित की जाएगी और इसकी मेरिट सूची उसी दिन शाम 3 बजे जारी होगी। इस सूची में चयनित अभ्यर्थी 25 से 27 जून तक फीस जमा कर सकेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग में भाग लेने के लिए सभी आवेदकों का सुबह 9 बजे कॉलेज परिसर में उपस्थित होना अनिवार्य है। काउंसलिंग में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से बाहर माना जाएगा।
प्रवेश प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए 28 से 30 जून तक ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।