8 जून, तरसेम जरयाल: राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो चुकी है। महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार ने बताया कि इस वर्ष बी.ए. प्रथम वर्ष में प्रवेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत किए जा रहे हैं। इसके साथ ही बी.ए. प्रथम वर्ष में सेमेस्टर प्रणाली लागू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों को Multiple Entry and Exit की सुविधा मिलेगी। नई व्यवस्था के अनुसार एक वर्ष की पढ़ाई पूरी करने पर सर्टिफिकेट, दो वर्ष की पढ़ाई पूरी करने पर डिप्लोमा तथा तीन वर्ष की पढ़ाई पूरी करने पर स्नातक डिग्री प्रदान की जाएगी।
प्राचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख और कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्र-छात्राओं को भविष्य की प्रतिस्पर्धी चुनौतियों का सामना करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि बी.ए. द्वितीय और तृतीय वर्ष में प्रवेश पूर्व की भांति रोल-ऑन आधार पर किए जा रहे हैं तथा इन कक्षाओं में वार्षिक प्रणाली ही लागू रहेगी।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इच्छुक विद्यार्थी 19 जून 2026 तक ऑफलाइन प्रवेश फॉर्म भर सकते हैं। प्रवेश प्रपत्र महाविद्यालय कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। मेरिट सूची महाविद्यालय के सूचना पट्ट और आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी।
प्राचार्य मनोज कुमार ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रवेश लेने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन एवं कोचिंग उपलब्ध करवाई जाती है। इसके अलावा छात्रवृत्ति, पंजीकरण प्रपत्र, परीक्षा प्रपत्र तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन पत्र भी निःशुल्क भरवाए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का परीक्षा परिणाम भी सराहनीय रहा है और प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में 90 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी सफल होते रहे हैं।
प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को दसवीं और बारहवीं कक्षा की अंकतालिका, अंतिम शिक्षण संस्थान का चरित्र प्रमाण पत्र, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), आईआरडीपी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), आधार कार्ड की प्रति, विद्यार्थी और अभिभावक का एक-एक पासपोर्ट आकार का फोटो जमा करवाना होगा।
अधिक जानकारी के लिए -7018047661 और 9816891764 पर संपर्क किया जा सकता है।