राकेश पठानिया बोले- नशे पर लगाएंगे पूरी लगाम, खेल गतिविधियों के विस्तार पर दिया जा रहा विशेष बल 

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

स्वर्ण राणा, नूरपुर।  

  14 जून। वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा है कि प्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार पर विशेष बल दिया जा रहा है, ताकि युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर उनके भविष्य को संवारा जा सके। वे आज मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र की ठेहड़ पंचायत के खुबाड़ा गांव में विकास कार्यों का जायज़ा लेने के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सीमांत राज्य से लगते क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार से हमारी युवा शक्ति भी इसके दलदल में फंसती जा रही है, जो समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए वे प्रयासरत है। उन्होंने लोगों से भी इस मुहिम में जुड़ने की अपील की।

पठानिया ने कहा कि नशे की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नूरपुर को अलग पुलिस ज़िला का दर्जा दिया गया है। इसके अतिरिक्त बिजली विभाग का नया वृत कार्यालय खोला गया है, जो इस विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए नूरपुर में 10 करोड़ लागत से अटल इंडोर खेल स्टेडियम का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त साढ़े सात करोड़ रुपए की लागत से सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को फिट रखने एवम उन्हें खेलों में अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए पंचायतों में जिम तथा खेल मैदान बनाए जा रहे हैं।

वन मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र की लगभग 18 पंचायतों के लोगों की सुविधा के दृष्टिगत सदवां में उप तहसील खोली गई है, ताकि लोगों के अपने घर के नजदीक जरूरी प्रमाण-पत्र बनवाने के साथ राजस्व कार्य जल्दी हो सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और उन्हें हर सम्भव सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वसमाज को साथ लेकर आगे बढ़ने के ध्येय से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के विश्वास व सहयोग से ही वे इस विधानसभा क्षेत्र को आदर्श बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
उन्होंने पंचायत की सभी मांगो को चरणबद्व पूरा करने का भरोसा दिया। इस मौके पर उन्होंने जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकतर का निपटारा कर दिया।

इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा, डीएफओ सुमन ओहरी, जलशक्ति विभाग के एसडीओ देवेंद्र राणा, पंचायत प्रधान इंदु देवी, लोक निर्माण के जेई अनूप उप्पल, विकास खंड के जेई राकेश चौधरी सहित अन्य विभागों के अधिकारी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *