19 अक्तूबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकथॉन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे जनअभियान में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन की भागीदारी नशामुक्त हिमाचल के संकल्प को मजबूती प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सपने और उनका भविष्य अनमोल हैं। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे, ताकि एक जागरूक और सशक्त पीढ़ी का निर्माण हो सके। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सदुपयोग कर प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शाहपुर के दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी और दशहरा उत्सव का महत्व और बढ़ेगा।
कार्यक्रम में उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।