मनाली के अलेऊ में कबाड़ के खोखे पर लगी आग, एक व्यक्ति झुलसा, गंभीर हालत में अस्‍पताल में उपचाराधीन

Spread the love

आवाज ए हिमाचल 

02 फरवरी। मनाली के साथ लगते अलेऊ में सोमवार आधी रात एक कबाड़ के खोखे में आग लग गई। आग लगने से एक व्यक्ति झुलसकर घायल हो गया है। घायल व्यक्ति 46 वर्षीय कालिया राम पुत्र मनी राम दरभंगा बिहार का रहने वाला है। मनी राम को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल मनाली लाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया है। घायल व्यक्ति अभी बयान देने की हालत में नहीं है। अग्निशमन विभाग मनाली से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें रात 12 बजकर 45 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग को काबू में पाया।

अग्निशमन विभाग मनाली के प्रभारी धनंजय शर्मा ने बताया अलेऊ निवासी राज कुमार गुप्ता के कबाड़ के खोखे में आग लग गई। यह खोखा हनीमून होटल के समीप है। इस खोखे में प्रमोद और कालिया राम रह रहे थे। आग लगने से कालिया राम घायल हो गया। आग से राज कुमार गुप्ता को तीन लाख का नुकसान हुआ है।एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि डीएसपी मनाली संजीव कुमार घटना की जांच कर रहे हैं। आग की चपेट में आने से घायल हुए कालिया राम को जिला अस्पताल कुल्लू में भर्ती किया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *