मणि खड्ड में डूबने से 16 वर्षीय छात्र की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

22 जून : बिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल के सकरोहा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय छात्र की मणि खड्ड में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान अरमान सिंह पुत्र गौतम सिंह निवासी गांव जबल्याणा, डाकघर ननावा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अरमान शनिवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचा। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान पता चला कि अरमान सकरोहा क्षेत्र की मणि खड्ड में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा देर रात तक खोजबीन जारी रही, लेकिन अंधेरा और पानी अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

रविवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च अभियान में ग्रामीणों की मदद से छात्र का शव खड्ड से बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं भेजा।

डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में छात्र की मौत पानी में डूबने से होना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *