26 अगस्त: श्री मणिमहेश कैलाश यात्रा के दृष्टिगत प्रशासन ने हड़सर से श्री मणिमहेश कैलाश तक पैदल यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग की स्थिति का जायजा लेने के बाद इसे पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए दुरुस्त एवं सुरक्षित पाया गया। एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 26 अगस्त से हड़सर से श्री मणिमहेश कैलाश तक पैदल यात्रा दोबारा शुरू की जा रही है। श्रद्धालु सुबह 4 बजे से यात्रा शुरू कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पूर्व में जारी आदेशों के अनुसार यात्रा प्रतिदिन शाम 7 बजे से सुबह 4 बजे तक बंद रहेगी। इस अवधि में यात्रियों को यात्रा मार्ग पर आवागमन की अनुमति नहीं होगी। यह व्यवस्था रात्रि के समय मार्ग पर उत्पन्न होने वाली संभावित कठिनाइयों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है।
एसडीएम ने बताया कि घोड़ों और खच्चरों के आवागमन को लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। यात्रा मार्ग की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने के बाद इस संबंध में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। श्रद्धालुओं से प्रशासन के आगामी आदेशों का पालन करने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए श्रद्धालु अनावश्यक जोखिम न लें तथा प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यात्रियों को निर्धारित समय के दौरान ही यात्रा करने और मार्ग में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
एसडीएम अजय कुमार सिंह ने पर्यटकों, श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की कि श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें और किसी भी असुविधा या जोखिम की स्थिति में प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों का सहयोग करें।