मणिपुर में आर्मी कैंप के पास लैंडस्लाइड, 7 शव बरामद, करीब 50 जवान लापता

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

इंफाल, 30 जून। पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में लगातार भारी बारिश की वजह से बुधवार रात मणिपुर के नोनी जिले में जिरीबाम-इंफाल रेलवे लाइन के पास भारी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन की चपेट में आने से आम लोगों के साथ टेरिटोरियल आर्मी के कई जवान इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दर्जनों जवान मिट्टी में दब गए। खबरों के मुताबिक, अब तक 7 जवानों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि 13 जवानों को रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं, 50 के करीब जवान अभी भी दबे हुए हैं।

घायलों को रेस्क्यू करने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने हादसे के बाद इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना को लेकर ट्वीट किया कि मणिपुर में तुपुल रेलवे स्टेशन के पास भूस्खलन के संबंध में सूचना मिली। इसके मद्देनजर मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात हुई है। राहत बचाव कार्य जोरों पर जारी है। एनडीआरएफ की एक टीम मौके पर पहुंच चुकी है और बचाव कार्यों में जुटी हुई है।

 

 

एक अधिकारी का कहना है कि खराब मौसम की वजह से रेस्क्यू मिशन में बाधाएं आ रही हैं, काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि लापता लोगों को बचाने के लिए ठोस प्रयास किया जा रहा है। सेना के हेलिकॉप्टर भी मौके पर पहुंच चुके हैं। भूस्खलन के वजह से इजाई नदी का प्रवाह प्रभावित हुआ है। यह नदी तामेंगलोंग और नोनी जिलों से होकर बहती है। जिला प्रशासन आस-पास के ग्रामीणों को सावधानी बरतने और जल्द से जल्द जगह खाली करने की एडवाइजरी जारी की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *