मंदिर में छिपाया चिट्टा, कांगड़ा में तस्कर दबोचा; नकदी भी बरामद

6 मई: कांगड़ा में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की सीआईए टीम ने तरसूह क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक कथित तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चिट्टा, ट्रामाडोल कैप्सूल और नकदी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह सीआईए टीम ने तरसूह निवासी शेरू राम के घर पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान घर के अंदर और बाहर बने मंदिर से 12.18 ग्राम चिट्टा और कुछ ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने मौके से 42,150 रुपए नकद भी जब्त किए।

पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कबाड़ का काम करता है और उसके खिलाफ पहले भी नशा तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। हाल के दिनों में कांगड़ा पुलिस द्वारा कई तस्करों की गिरफ्तारी से साफ है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। साथ ही पुलिस आरोपियों की चल-अचल संपत्ति जब्त करने की दिशा में भी कार्रवाई तेज कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *