10 नवम्बर: मंडी के पड्डल मैदान में 13 नवंबर को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने वॉकथॉन रूट पर प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए उचित प्रबंध करने को कहा। इसके अलावा रूट पर प्राथमिक उपचार, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि चिट्टा जैसी घातक नशे की समस्या से समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी को बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जन-जागरूकता के साथ समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह वॉकथॉन नशे के खिलाफ सामाजिक एकजुटता और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने मंडी जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से 13 नवंबर को आयोजित होने वाली वॉकथॉन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की, ताकि नशे के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता का संदेश दिया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, एसडीएम सदर चंद्र प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।