10 नवम्बर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच सोमवार को टेलीफोन पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़े ताजा घटनाक्रमों और शांति स्थापित करने के प्रयासों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने दोहराया कि भारत इस संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों में योगदान देने को तैयार है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी को मौजूदा संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रमों और यूक्रेन के रुख की जानकारी दी। वहीं, जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को हालिया कूटनीतिक गतिविधियों और अबू धाबी में प्रस्तावित बैठक की तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने रूस से भी संघर्ष कम करने की दिशा में समान इच्छाशक्ति दिखाने की अपील की।
दरअसल, अमरीका 10 और 11 नवंबर को अबू धाबी में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों को एक साथ लाने की योजना बना रहा है। इस बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने, युद्ध के बाद सुरक्षा व्यवस्था और तनाव कम करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है।
बातचीत के दौरान खाद्य सुरक्षा और काला सागर के रास्ते अनाज निर्यात में आ रही बाधाओं का मुद्दा भी उठा। जेलेंस्की ने कहा कि रूसी कार्रवाइयों के कारण अनाज निर्यात प्रभावित हो रहा है, जिस पर दोनों नेताओं ने चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत और कूटनीति के माध्यम से संघर्ष का समाधान निकालने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही दोनों नेताओं ने आपसी हितों को ध्यान में रखते हुए भारत और यूक्रेन के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया।