मंडी में आज चिट्टे के खिलाफ उतरेगा जनसैलाब, पड्डल मैदान से मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे 25 हजार युवाओं की वाकाथन का नेतृत्व

13 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ चल रही मुहिम अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। इसी कड़ी में छोटी काशी मंडी में आज शुक्रवार को नशे के खिलाफ बड़ा जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। ऐतिहासिक पड्डल मैदान से हजारों युवा, छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक चिट्टे के खिलाफ एकजुट होकर सड़कों पर उतरेंगे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सुबह करीब 11 बजे एंटी चिट्टा जागरूकता वाकाथन का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने की शपथ भी दिलाएंगे। आयोजन में करीब 25 हजार युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

पड्डल मैदान से शुरू होने वाली वाकाथन नए पुल से होते हुए मंडी शहर में प्रवेश करेगी। इसके बाद प्रतिभागी सेरी मंच से होते हुए वापस पड्डल मैदान पहुंचेंगे। वाकाथन के माध्यम से पूरे शहर में चिट्टे के दुष्प्रभावों और नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर आयोजित यह वाकाथन युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और समाज में सामूहिक चेतना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उपायुक्त ने जिला के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश के डीजीपी अशोक तिवारी भी वाकाथन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को मंडी पहुंचे। उन्होंने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जाकर युवाओं को वाकाथन और नशे के खिलाफ अभियान के प्रति जागरूक किया। इसके बाद उन्होंने पड्डल मैदान पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का निरीक्षण किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *