13 नवम्बर: बैजनाथ के दुर्गम क्षेत्र छोटा भंगाल की ग्राम पंचायत पोलिंग, स्वाड़ और लूआई में विधायक किशोरी लाल ने दौरा कर लोगों की जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे, ताकि लोगों की समस्याओं और मांगों पर मौके पर ही कार्रवाई की जा सके। विधायक के समक्ष रखी गई अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष के निवारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विधायक किशोरी लाल ने इस कार्यक्रम को ‘सरकार जनता के द्वार’ बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि भौगोलिक परिस्थितियों और दूरी के कारण कोई भी क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि छोटा भंगाल क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से बेहद दुर्गम है और यहां के लोगों को आवागमन सहित कई मूलभूत सुविधाओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गत दिवस बैजनाथ से बरोट वाया बीड़, बिलिंग, राजगुंधा एवं बड़ाग्रां बस सेवा शुरू की गई है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
विधायक ने बताया कि ग्राम पंचायत पोलिंग, स्वाड़ और लूआई में प्रदेश सरकार की ओर से अब तक लगभग 65 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्य करवाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मांगों और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार भविष्य में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि छोटा भंगाल के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर तहसीलदार मूल्थान हरीश कुमार, खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, प्रधान पोलिंग राजकुमार, प्रधान स्वाड़ दलजीत, प्रधान लूआई नवनीता ठाकुर सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।