16 जुलाई: मंडी में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। बीती शाम एसटीएफ मंडी की टीम ने मलारी फोरलेन टनल के पास नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 519 पेटी बीयर बरामद की। चालक के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट, लाइसेंस या अन्य दस्तावेज नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की टीम नियमित जांच के दौरान मलारी फोरलेन टनल के पास वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान ट्रक (HP 65A-3114) को रोककर जांच की गई। तलाशी लेने पर ट्रक में भारी मात्रा में बीयर की पेटियां मिलीं। गिनती करने पर कुल 519 पेटी बीयर बरामद हुई।
दस्तावेज मांगने पर चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद एसटीएफ ने ट्रक और पूरी बीयर की खेप को जब्त कर लिया। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामला आगे की जांच के लिए सदर पुलिस थाना मंडी को सौंप दिया गया, जहां आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बीयर की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
डीएसपी एसटीएफ हेमराज वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि बिना वैध दस्तावेजों के 519 पेटी बीयर बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।