11 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो टैक्सी चालकों की मौत हो गई। हादसा चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे पर दिनका घार के पास हुआ, जहां एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
मृतकों की पहचान भरमौर निवासी रविंदर कुमार (39) और विशाल कुमार (32) के रूप में हुई है। दोनों मणिमहेश टैक्सी यूनियन से जुड़े हुए थे। जानकारी के अनुसार, दोनों टैक्सी चालक गुरुवार रात लाहल पेट्रोल पंप से अपनी गाड़ी में ईंधन डलवाने गए थे। वापस लौटते समय दिनका घार के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद भरमौर के भाजपा विधायक जनक राज ने दोनों टैक्सी चालकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।