28 सितंबर: मंडी जिला के सराज क्षेत्र में रविवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से बड़ा अग्निकांड हो गया। उपतहसील बागाचनोगी के चोहट गांव में एक संयुक्त परिवार का 12 कमरों का स्लेटपोश मकान आग की भेंट चढ़ गया। हादसे में करीब 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि धमाके के बाद परिवार के सभी सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार मकान शिक्षक गंगा राम और उनके भाई योगराज का था। रविवार सुबह करीब 8 बजे रसोई में अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि कुछ ही देर में आग ने मकान की ऊपरी मंजिल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
अग्निकांड में घर के अंदर रखा कीमती सामान, जरूरी दस्तावेज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। धमाके और मकान से उठते धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार रमेश चंद और हलका पटवारी रणजीत कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को फौरी राहत प्रदान की गई है। राजस्व विभाग द्वारा नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
सराज के विधायक एवं प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी अग्निकांड पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।