28 सितंबर: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को दिल्ली रवाना होंगे। वह 29 सितंबर को कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद उनके देर शाम शिमला लौटने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान उनकी कांग्रेस हाईकमान के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात होने की संभावना है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रियों से भी उनकी मुलाकात हो सकती है।
हिमाचल मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल और नए मंत्री को शामिल किए जाने को लेकर भी कांग्रेस हाईकमान के साथ चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री का 30 सितंबर को रोहड़ू जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां वह ‘एक शाम गांव के नाम’ कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।