28 सितम्बर: चम्बा पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चम्बा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बालू पुल के पास एक युवक को 15.22 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लखविंद्र कुमार (36) पुत्र राममूर्ति, निवासी भट्टा कॉलोनी, वार्ड नंबर-3, डाकघर मुकेरियां, तहसील दसूहा, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बालू पुल के पास नाकाबंदी के दौरान युवक वहां से गुजर रहा था। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से एक मोबाइल चार्जर और 15.22 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना चम्बा में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे कहां ले जा रहा था। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाकाबंदी के दौरान युवक से 15.22 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।