8 अक्तूबर: एसडीएम शशिपाल शर्मा ने भोरंज उपमंडल के सभी किसानों से फार्मर आईडी बनवाने की अपील की है। बुधवार को कृषि विभाग और आतमा परियोजना की ओर से आयोजित एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला में उन्होंने कहा कि किसानों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसके तहत फार्मर आईडी बनाई जा रही है। भोरंज उपमंडल में अब तक करीब 10,214 किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी हैं।
एसडीएम ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से एक ही आईडी के जरिए पीएम-किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित भुगतान में पारदर्शिता और तत्परता सुनिश्चित होगी। फार्मर रजिस्ट्री के दौरान आधार नंबर के माध्यम से किसान की ई-केवाईसी की जाती है तथा उसकी भूमि का रिकॉर्ड राजस्व विभाग के डाटा से लिंक किया जाता है। किसान की व्यक्तिगत जानकारी और फसल का विवरण दर्ज करने के बाद फार्मर रजिस्ट्री नंबर या फार्मर आईडी जारी की जाती है।
आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान ने बताया कि किसान अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र या कृषि विभाग के कार्यालय में जाकर फार्मर रजिस्ट्री की औपचारिकताएं पूरी करवा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, भूमि संबंधी दस्तावेज जैसे जमाबंदी या खतौनी, बैंक खाते का विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो और आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक है।
कार्यशाला में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश राणा सहित कृषि विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा किसान उपस्थित रहे।