भरमौर में चलती बस पर गिरा पत्थर, चालक घायल…40 यात्रियों की बची जान

13 मई: चंबा-भरमौर एनएच पर मैहला के पास मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पालमपुर-होली रूट पर जा रही एक चलती बस पर अचानक पहाड़ी से पत्थर आ गिरा। पत्थर लगने से बस का अगला शीशा टूट गया और चालक घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि बस चंबा बस अड्डे से होली के लिए रवाना हुई थी। मैहला के समीप अचानक पहाड़ी से लुढ़ककर आए पत्थर ने बस के फ्रंट शीशे को तोड़ दिया। हादसे के दौरान बस में करीब 40 यात्री सवार थे। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घायल चालक को तुरंत पास के निजी क्लीनिक में उपचार के लिए पहुंचाया गया। वहीं, यात्रियों को दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

गौरतलब है कि चंबा जिला में लगातार खराब मौसम के कारण जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले कुगती क्षेत्र में भी हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस भूस्खलन की चपेट में आ चुकी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *