भरमौर के नरेश कुमार ने रचा इतिहास, एक ही अभियान में 7,000 मीटर से ऊंची दो चोटियों पर फहराया तिरंगा

3 अक्तूबर, बबलू सूर्यवंशी : भारतीय सेना में सेवारत भरमौर विधानसभा क्षेत्र के गांव सामरा निवासी नरेश कुमार ने अपने पहले ही पर्वतारोहण अभियान में 7,000 मीटर से अधिक ऊंची दो पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहराकर उपलब्धि हासिल की।

11 अगस्त 2026 को शुरू हुए कामेट पर्वतारोहण अभियान में 22 सदस्य शामिल थे। करीब डेढ़ महीने चले इस अभियान के दौरान टीम को अत्यधिक ऊंचाई, कड़ाके की ठंड, तेज हवाओं और खराब मौसम जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

नरेश कुमार ने 16 सितंबर को 7,355 मीटर ऊंची माउंट अबी गामिन चोटी फतह की। इसके बाद 21 सितंबर को उन्होंने 7,756 मीटर ऊंची माउंट कामेट चोटी पर भी सफलतापूर्वक पहुंचकर राष्ट्रध्वज फहराया। खराब मौसम और अत्यधिक ऊंचाई के कारण अभियान के दौरान 22 सदस्यों में से केवल 10 सदस्य ही आगे बढ़ सके।

नरेश कुमार वर्तमान में फिरोजपुर (पंजाब) में तैनात हैं। इससे पहले वह 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर भी तिरंगा फहरा चुके हैं। एक ही अभियान में 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली दो चोटियों को फतह करने की उनकी उपलब्धि से उनके गृह गांव सामरा और पूरे भरमौर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

नरेश कुमार ने अपनी सफलता को परिवार, सेना की टीम, टीम लीडर, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों के सहयोग का परिणाम बताया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *