हर्षवर्धन चौहान बोले, कफोटा में ₹5.83 करोड़ से जल्द पूरा होगा आईटीआई भवन

3 अक्तूबर: उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान कफोटा में गांधी जयंती के अवसर पर क्षेत्रीय विकास समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय 15वीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

इस अवसर पर हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि भौतिकतावाद और इंटरनेट के दौर में भी प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में मेलों और त्योहारों की महत्ता कम नहीं हुई है। कफोटा उत्सव में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश और उत्तराखंड से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि आईटीआई कफोटा के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार ने 5 करोड़ 83 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इस राशि से आईटीआई भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कफोटा तेजी से शहर का रूप ले रहा है और वर्तमान कार्यकाल में यहां अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए लगभग 5 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बोराड पेयजल आपूर्ति योजना तथा करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से खजुरी-पाटनी पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। दोनों योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि कफोटा में 33 केवी विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में लो-वोल्टेज और बिजली कट की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आसपास के गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है और इन सड़कों की मेटलिंग एवं टारिंग का कार्य भी किया जा रहा है।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर एवं समान शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है तथा 157 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। इनमें शिलाई विधानसभा क्षेत्र के शिलाई, सतौन और कफोटा के विद्यालय भी शामिल हैं।

उद्योग मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कफोटा के लिए चार कमरों के निर्माण तथा क्षेत्रीय विकास समिति को 50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

समारोह में अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, जिला परिषद सदस्य खत्री सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य जगत सिंह पुंडीर, ओएसडी अत्तर राणा, ई.आई. उद्योग काका राम शर्मा, प्रधान शिल्ला गुमान सिंह, पंचायत समिति सदस्य नेत्र सिंह, प्रधान बोकाला-पाब गीता राम शर्मा, प्रधान शवागा रतन सिंह, प्रधान बटाड मयूनल बाग कल्याण पुंडीर, पूर्व प्रधान रघुवीर कपूर एवं सुमेर ठाकुर, क्षेत्रीय विकास समिति के अध्यक्ष तपेन्द्र सिंह, महासचिव मुंशी राम पुंडीर, सह सचिव सुमेर चंद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *