9 अक्तूबर, आशीष दमीर : जिला कांगड़ा के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर है। ब्लू स्टार लिमिटेड, काला अंब द्वारा पीआईएमआईएस ट्रेनिंग/अप्रेंटिस के तहत पुरुषों और महिलाओं के लिए 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 12 अक्तूबर 2026 को उप रोजगार कार्यालय कांगड़ा में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने बताया कि भर्ती के लिए आईटीआई फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिकल, आरएसी, मशीनिस्ट, प्लंबर, पंप ऑपरेटर, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, एमएमसी और संबंधित ट्रेडों में योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे। उम्मीदवारों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 16,000 से 20,800 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार विभाग की वेबसाइट https://eemis.hp.nic.in पर अपनी ईमेल आईडी या मोबाइल नंबर से लॉगिन करके ब्लू स्टार लिमिटेड की रिक्तियों के लिए आवेदन करना अनिवार्य है।
साक्षात्कार 12 अक्तूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे उप रोजगार कार्यालय कांगड़ा में होंगे। अभ्यर्थियों को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रति और अनुभव प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) लाना होगा। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01892-224892 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों के पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में भाग लें।