ब्राहलड़ी पंचायत के टिक्कर गांव के लिए बनेगा एंबुलेंस रोड, सुनील शर्मा बिट्टू ने दिए अधिकारियों को निर्देश

10 सितम्बर: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने ग्राम पंचायत ब्राहलड़ी के टिक्कर और डुढाना गांव का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और साढ़े तीन वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी भी दी।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत ब्राहलड़ी के सभी गांवों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और क्षेत्रवासियों की अन्य मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

ग्रामीणों ने उन्हें लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण उत्पन्न समस्याओं से अवगत कराया। बारिश के चलते गांव के रास्तों और घरों को पैदा हुए खतरे को देखते हुए उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध जल्द करने के निर्देश दिए।

टिक्कर गांव के लोगों ने एंबुलेंस रोड बनाने की मांग रखी। इस पर सुनील शर्मा बिट्टू ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को जमीन से संबंधित दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि एंबुलेंस रोड का निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।

इस अवसर पर पंचायत प्रधान रवि कुमार, उपप्रधान अजय कुमार, पंचायत सदस्य अश्वनी कुमार, तनूजा, कांता देवी, सुमना देवी, सुनील कुमार, अनुराधा, मोनिता, जोगिंद्र सिंह, अवनीश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *