4 सितंबर: मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर 6 मील पंडोह के पास ब्यास नदी में गिरी पिकअप के लापता चालक का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। 28 अगस्त को सब्जियों से लदी पिकअप अनियंत्रित होकर ब्यास नदी में जा गिरी थी। हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप को बरामद कर लिया था, लेकिन चालक का कोई पता नहीं चल पाया था।
पुलिस और बचाव दल ने चालक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पिकअप पंडोह बांध के भीतर सिल्ट में फंसी हुई मिली। तलाश के बीच वीरवार को चालक का शव धर्मपुर थाना क्षेत्र के कांडापत्तन के पास ब्यास नदी से बरामद किया गया।
मृतक की पहचान रमेश चंद निवासी गांव लगसाल, डाकघर राहला, तहसील औट, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेज दिया है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।