इंदौरा में पंचायत प्रतिनिधियों से विधायक मलेन्द्र राजन ने किया संवाद, विकास कार्यों की ली जानकारी

2 अक्तूबर :इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों, स्थानीय समस्याओं और भविष्य की विकास आवश्यकताओं को लेकर वन विश्रामगृह इंदौरा में विधायक मलेन्द्र राजन ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में कंगरेड़ी, मदोली, मकड़ौली और टप्पा पंचायतों के जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान संबंधित पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, संपर्क मार्ग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों से विधायक को अवगत करवाया।

मलेन्द्र राजन ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद का उद्देश्य क्षेत्र की जमीनी आवश्यकताओं को समझना और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेना है। पंचायतों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इंदौरा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके पूरा होने से क्षेत्र के विद्युत आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।

विधायक ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। आगामी बैठकों में भी क्षेत्रवार विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *