19 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक धीमान की निजी गाड़ी के यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चार चालान जारी किए गए हैं। एसपी ने सभी चालानों का जुर्माना स्वयं भर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली (आईटीएमएस) के माध्यम से बिलासपुर और हमीरपुर में अलग-अलग स्थानों पर एसपी की निजी गाड़ी के चार चालान किए गए। बुधवार को अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करवाने की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी द्वारा स्वयं नियमों का पालन करना सराहनीय है। इससे यह संदेश भी जाता है कि कोई भी व्यक्ति अपने पद का लाभ उठाकर नियमों से ऊपर नहीं है।
बिलासपुर जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नजर रखने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। जिले में फोरलेन सड़कों पर विभिन्न स्थानों पर आईटीएमएस कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से वाहनों की गति पर नजर रखी जाती है। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने या अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कैमरों के जरिए वाहन की पहचान कर ऑनलाइन चालान जारी किया जाता है।