19 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा खैरी थाना क्षेत्र के तहत राजणी गांव के समीप पेश आया, जहां एक पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन समलेऊ से राजणी गांव की ओर जा रहा था। जब वाहन राजणी गांव से करीब 250 मीटर आगे पहुंचा तो अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन को सुनील कुमार चला रहे थे।
मृतकों की पहचान सलूणी तहसील के बासा (डाकघर बग्गी) निवासी सुनील कुमार पुत्र उत्तम चंद और करण कुमार पुत्र कुंडू राम के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायल दो लोगों का उपचार एनएचपीसी अस्पताल समलेऊ में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की पुष्टि पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने की है।