गद्दियाली लोकसंस्कृति के संरक्षण में तीन दशक का योगदान, सुनील राणा को 19 दिसंबर को कालका में मिलेगा गद्दी विरासत सम्मान–2026

19 नवम्बर, तरसेम जरयाल : हिमाचल प्रदेश की विलुप्त होती गद्दियाली लोकसंस्कृति को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले सुप्रसिद्ध लोकगायक सुनील कुमार राणा को गद्दी विरासत सम्मान–2026 से सम्मानित किया जाएगा। गद्दी वेलफेयर सोसायटी कालका की ओर से 19 दिसंबर 2026 को हरियाणा के कालका में आयोजित होने वाले दूसरे गद्दी विरासत महोत्सव, सम्मान समारोह एवं शिव नुआला में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। करीब तीन दशकों से लोकगीतों के माध्यम से गद्दी जनजाति की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोकगायन और धार्मिक परंपराओं को संरक्षित करने के उनके प्रयासों को इस सम्मान के माध्यम से सराहा जाएगा।

जिला कांगड़ा के धर्मशाला क्षेत्र के गांव सतोवरी से ताल्लुक रखने वाले सुनील कुमार राणा ने अपनी गायकी को केवल मनोरंजन का माध्यम न बनाकर गद्दियाली संस्कृति के संरक्षण का अभियान बनाया। गद्दी समाज के पारंपरिक लोकगीत, ऐंचली गायन, लोकनृत्य और भगवान शिव की आराधना से जुड़ी नुआला परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। बदलते समय में जब पारंपरिक लोकभाषा और लोकगीतों से युवाओं की दूरी बढ़ने लगी थी, तब उन्होंने अपनी संस्कृति को बचाने का संकल्प लिया।

12 दिसंबर 1979 को गांव सतोवरी, डाकघर तोतारानी, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा में किशन लाल एवं कमला देवी के घर जन्मे सुनील राणा को लोकगायकी की प्रेरणा अपने माता-पिता से मिली। दोनों पारंपरिक लोकगायन में निपुण थे और घर के सांस्कृतिक वातावरण ने बचपन से ही उनके भीतर लोकसंगीत के प्रति रुचि पैदा की। राजकीय उच्च विद्यालय फरसेटगंज से प्रारंभिक एवं उच्च विद्यालय की शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में उच्च शिक्षा ग्रहण की। वर्ष 1999 से 2001 के बीच अंतरमहाविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और युवा महोत्सवों में उन्होंने लगभग 10 से 12 खिताब हासिल किए। इसी दौरान आकाशवाणी शिमला की स्वर परीक्षा उत्तीर्ण कर उन्होंने आकाशवाणी शिमला एवं धर्मशाला से लोकगायकी का सफर शुरू किया।

वर्ष 2005 में उन्होंने मित्रों, परिवार और शुभचिंतकों के सहयोग से गद्दियाली लोकगीतों की पहली एलबम तैयार की। इसमें शिव आराधना और लोक रामायण को गद्दी समाज की पारंपरिक गायन शैली ऐंचली के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। शुरुआत में पारंपरिक लोकभाषा और गायन शैली के कारण उन्हें अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली, लेकिन उन्होंने अपने प्रयास जारी रखे। इसके बाद लोक रामायण, शिव विवाह, श्रीकृष्ण लीला और धार्मिक ग्रंथों की कथाओं को गद्दियाली भाषा में स्वरबद्ध कर लोगों तक पहुंचाया। अब तक 300 से अधिक लोकगीतों के माध्यम से वह गद्दियाली संस्कृति के प्रचार-प्रसार में योगदान दे चुके हैं।

उनके प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव गद्दी समाज के पारंपरिक धार्मिक उत्सव नुआला के आयोजन में भी देखने को मिला है। भगवान भोलेनाथ की आराधना से जुड़ी यह परंपरा गद्दी समाज की आस्था, सामूहिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकजुटता का प्रतीक है। वर्ष 2018 में चामुंडा में गद्दी कम्युनिटी ग्रुप का पहला सामुदायिक नुआला आयोजित हुआ। वहीं, बीबीएन ग्रुप बद्दी पिछले छह वर्षों से इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। वर्ष 2025 में मुंबई के शिव शक्ति परिवार द्वारा आयोजित नुआले में भी सुनील राणा और उनकी टीम ने शिव आराधना एवं गद्दियाली लोकगायन की प्रस्तुति दी। उनकी टीम ‘शैफर्ड्स हार्मनी’ के माध्यम से भी गद्दियाली लोकगीतों और भगवान शिव की आराधना को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाया जा रहा है।

सुनील राणा की लोकगायकी को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी पहचान मिली है। वर्ष 2000 में उन्हें ‘कांगड़ा की आवाज’ और वर्ष 2001 में ‘एयरटेल हिमाचल की आवाज’ का खिताब मिला। वर्ष 2010 और 2011 में विभिन्न टीवी चैनलों ने उनके जीवन एवं सांस्कृतिक योगदान पर वृत्तचित्र तैयार किए। वर्ष 2012 में मुंबई की प्रोडक्शन कंपनी हमिंग वर्ड्स ने सिंगापुर के मीडिया कॉर्प चैनल के लिए उनके जीवन और गद्दियाली लोकसंस्कृति पर ‘म्यूजिक इन द विंड’ (हवा में संगीत) नाम से विशेष वृत्तचित्र बनाया। इस परियोजना में 25 राज्यों की लोकसंस्कृतियों को प्रदर्शित किया गया था और विदेश में अपनी लोककला प्रस्तुत करने के लिए चुने गए तीन कलाकारों में सुनील राणा भी शामिल थे। वर्ष 2013 में उन्होंने सिंगापुर, मलेशिया और हांगकांग में अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विदेशी दर्शकों को हिमाचल की लोकसंस्कृति से परिचित करवाया।

वर्ष 2015 में अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप बीड़-बिलिंग के लिए उन्होंने ‘तान-यूफोनिक क्रॉनिकल्स ऑफ गद्दी ट्राइब’ नामक विशेष लोकसंगीत एलबम तैयार की। इसमें गद्दियाली लोकगीतों का अंग्रेजी रूपांतरण भी किया गया, ताकि विभिन्न देशों से आए मेहमान गीतों के पीछे छिपी सांस्कृतिक भावनाओं और परंपराओं को समझ सकें।

लोकसंस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान के लिए वर्ष 2016 में दिव्य हिमाचल मीडिया समूह ने उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ हिमाचली लोक गायक’ के सम्मान से नवाजा। इसके बाद डिजिटल माध्यम से गद्दियाली संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने ‘शैफर्ड्स हार्मनी’ यूट्यूब चैनल शुरू किया। इस चैनल के माध्यम से पारंपरिक गीतों और गद्दी जनजाति की सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया गया। ‘रलियां वो खेरा मेला’ जैसे उनके लोकगीतों को भी श्रोताओं का भरपूर प्यार मिला। वर्ष 2019 में हिलिवुड प्रमोशन ऑफ हिमाचली कल्चर संस्था ने उन्हें सर्वश्रेष्ठ गायक, सर्वश्रेष्ठ प्रचलित गायक और सर्वश्रेष्ठ मनोरंजक गायक की तीन उपाधियों से सम्मानित किया। वहीं, वर्ष 2021 में हिम टीवी द प्रमोटर ऑफ सोशल एंड कल्चरल वैल्यूज संस्था ने भी उन्हें सर्वश्रेष्ठ गायक के सम्मान से नवाजा।

सुनील कुमार राणा का मानना है कि लोकसंस्कृति केवल गीत-संगीत तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसमें किसी समाज का इतिहास, आस्था, भाषा और पहचान समाहित होती है। गांव सतोवरी से शुरू हुआ उनका यह सफर आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंच चुका है। गद्दियाली लोकगीतों और नुआला परंपरा को नई पहचान दिलाने में उनके योगदान को देखते हुए कालका में दिया जाने वाला गद्दी विरासत सम्मान–2026 उनके तीन दशक के सांस्कृतिक समर्पण का सम्मान होगा। यह सम्मान न केवल एक लोक कलाकार की उपलब्धियों को रेखांकित करेगा, बल्कि गद्दी समाज की समृद्ध विरासत को सहेजने के प्रयासों को भी नई प्रेरणा देगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *