ऊना-अम्ब नेशनल हाईवे पर निजी बस की टक्कर से बाइक सवार 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत

19 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में ऊना-अम्ब राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्मपाल निवासी ऊना के रूप में हुई है। हादसा पतंजलि स्टोर और पेट्रोल पंप के समीप बने कट के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, धर्मपाल सुबह बाइक पर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान जब वह पतंजलि स्टोर और पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो एक निजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति रोष भी देखने को मिला। लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर बना कट पहले भी दुर्घटनाओं का कारण बनता रहा है। इस कट से घनी आबादी वाली कॉलोनी का रास्ता जुड़ता है, जिसके चलते यहां अक्सर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। वहीं, विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के कारण भी यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से इस कट पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *