20 अप्रैल: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना धनोटू की टीम को एक और सफलता हाथ लगी है। टीम ने तरोट फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान बस में सफर कर रहे एक युवक को 124 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को पुलिस ने तरोट फोरलेन पर विशेष नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान मनाली से शिमला जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों की तलाशी के दौरान एक युवक की हरकतें संदिग्ध लगीं।
जांच के दौरान युवक ने अचानक अपनी हुड की जेब से एक पाउच निकालकर सीट पर फेंक दिया, जिससे पुलिस को शक और गहरा हो गया। जब पाउच की तलाशी ली गई, तो उसमें 124 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान करण पुत्र अशोक कुमार निवासी कृष्णा नगर, शिमला के रूप में हुई है।
एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशे की खेप कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाने वाला था। जांच जारी है।