बद्दी में नशीली दवाइयों का बड़ा जखीरा पकड़ा, 2 आरोपी गिरफ्तार

9 मई: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बद्दी में पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं। सालासर कॉम्प्लेक्स में की गई छापेमारी के दौरान टीम ने 2.23 लाख से अधिक नशीली गोलियां जब्त कर उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में कुल 2,23,084 गोलियां बरामद हुईं। इनमें 1,61,920 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड और 61,164 अल्प्राजोलम टैबलेट शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाओं की बरामदगी से बड़े स्तर पर अवैध कारोबार की आशंका जताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव पूजन प्रजापति निवासी उत्तर प्रदेश और अनुराग शुक्ला निवासी कानपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बिना लाइसेंस और अनुमति के इन दवाइयों का अवैध भंडारण कर रहे थे।

पुलिस ने बरामद दवाइयों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं मौके से मिली अन्य संदिग्ध दवाओं को लेकर ड्रग विभाग ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत अलग कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस प्रशासन ने कहा है कि प्रदेश में नशा तस्करी और अवैध दवा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *