फुटबॉल चैंपियनशिप में एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा बना विजेता, खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने को केवल सिंह पठानिया ने बताया ऐतिहासिक कदम

7 अक्तूबर: राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में आयोजित एचपीयू इंटर कॉलेज फुटबॉल चैंपियनशिप का समापन मंगलवार को हुआ। समापन समारोह में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और विजेता तथा उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया।

केवल सिंह पठानिया सोमवार देर रात करीब तीन बजे जापान से एशियन गेम्स से लौटे और सुबह होते ही खिलाड़ियों के बीच पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और हिमाचल प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि तीन करोड़ से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए दो करोड़ से बढ़ाकर तीन करोड़ रुपये और कांस्य पदक के लिए एक करोड़ से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये की गई है।

उन्होंने बताया कि एशियाई खेलों और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को अब 50 लाख रुपये के स्थान पर चार करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 2.50 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जा रही है। राष्ट्रमंडल और पैरा राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में भी वृद्धि की गई है।

पठानिया ने कहा कि प्रदेश से बाहर खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए यात्रा सुविधाओं को भी बेहतर बनाया गया है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए तीन प्रतिशत खेल कोटा निर्धारित किया गया है। वर्ष 2024 से अब तक 99 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को रोजगार प्रदान किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि 20वें एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम की हिमाचली खिलाड़ी पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी उपलब्धियों के सम्मान में एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है।

पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवा खेल प्रतिभाओं से भरपूर हैं। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, सम्मान और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाकर प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में वृद्धि करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

चैंपियनशिप में प्रदेशभर के 20 महाविद्यालयों के करीब 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा विजेता रहा, जबकि राजकीय महाविद्यालय सोलन उपविजेता और राजकीय महाविद्यालय ऊना तीसरे स्थान पर रहा।

इस अवसर पर बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य डॉ. राकेश पठानिया, डॉ. संजय शर्मा, प्रधानाचार्य शमसेर भारती, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, बीईईओ अरविंद धीमान, कांग्रेस जिला महासचिव अजय बबली, बीओडी एचआरटीसी विवेक राणा, उत्तम चम्बियाल, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, भटियात कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष विजय कंवर, स्थानीय प्रधान सुरेश, बिंदु राणा, कैप्टन बलि राम, मनीष पटियाल, केवल कृष्ण शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *